प्रभारी मंत्री श्री पटेल के मुख्य आतिथ्य में मिशन नगरोदय का जिला स्तरीय कार्यक्रम पोला ग्राउंड में संपन्न

District level program of Mission Nagroday concluded at Pola Ground under the chief hospitality of Minister in-charge Mr. Patel.

प्रभारी मंत्री श्री पटेल के मुख्य आतिथ्य में मिशन नगरोदय का जिला स्तरीय कार्यक्रम पोला ग्राउंड में संपन्न
रिपोर्ट। एडिटर, दीपक कोल्हे

प्रभारी मंत्री श्री पटेल के मुख्य आतिथ्य में मिशन नगरोदय का जिला स्तरीय कार्यक्रम पोला ग्राउंड में संपन्न

  • प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन कर शहरवासियों को दी गईं कई सौगातें
  • प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने प्राकृतिक खेती के प्रदेश स्तरीय पोर्टल का छिंदवाड़ा जिले से किया शुभारंभ
  • प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत शहरी क्षेत्र के बच्चों को मूंग वितरण कार्यक्रम की भी हुई शुरुवात

छिन्दवाडा। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में आज भोपाल में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के विकास कार्यों के भूमिपूजन/लोकार्पण, हितग्राहियों को हितलाभ वितरण व नागरिकों से संवाद कार्यक्रम संपन्न हुआ । मिशन नगरोदय का जिला स्तरीय कार्यक्रम पोला ग्राउण्ड छिंदवाडा में प्रदेश के किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री और छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री श्री कमल पटेल के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री पटेल द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के नवीन लाभान्वित हितग्राहियों को प्रथम किश्त की राशि, निर्माण पूर्ण हो चुके आवासों के हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराने के साथ ही विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन कर शहरवासियों को कई सौगातें दी गईं। छिंदवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम से प्रदेश के कृषि मंत्री और छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्राकृतिक खेती के राज्य स्तरीय पोर्टल का छिंदवाड़ा जिले से शुभारंभ किया। साथ ही मध्यान्ह भोजन योजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण के तहत शहरी क्षेत्र के प्राथमिक एवं माध्यमिक स्कूलों के विद्यार्थियों को मूंग दाल का वितरण कार्यक्रम की भी शुरुआत की। कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन और महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ । जिला स्तरीय कार्यक्रम में राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के संवाद को सीधे प्रसारण द्वारा देखा व सुना भी गया ।  

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने सभी लाभन्वित हितग्राहियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में हमारा प्रदेश और छिंदवाड़ा जिला निरंतर आत्म निर्भर बनने की दिशा में अग्रसर हो रहा है। केंद्र व राज्य सरकार अपनी योजनाओं के माध्यम से बिना किसी भेदभाव के रोटी, कपड़ा और मकान की व्यवस्था करने के साथ ही हर हाथ में काम की व्यवस्था भी कर रही है। नई शिक्षा नीति और आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से अच्छी शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए भी काम कर रही है। बेटियों की शिक्षा और भविष्य निर्माण के लिए लाडली लक्ष्मी योजना नए कलेवर के साथ शुरू की गई है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना सहायता राशि बढ़ाते हुए फिर से शुरू कर दी गई है । अब पर्यावरण और मृदा की रक्षा के साथ ही वर्तमान और युवा पीढ़ी के स्वास्थ्य की रक्षा के किए गौ-वंश आधारित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। युवा पीढ़ी सुपोषित हो, इसलिए आज से मूंग का वितरण भी प्रारंभ कर दिया गया है। उन्होंने छिंदवाड़ा जिले का पालक मंत्री होने के नाते जिले के सभी नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से जिले के चंहुमुखी विकास के लिए आश्वस्त किया और सभी से जिले को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अपना हर संभव योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला आपदा प्रबंधन समिति के सदस्य श्री विवेक साहू ने कहा कि आज का कार्यक्रम छिंदवाड़ा उदय का कार्यक्रम है। उन्होंने लगभग 80 करोड़ रुपए के निर्माण कार्यों की सौगात के लिए मुख्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री जी को धन्यवाद ज्ञापित किया और नगरवासियों को बधाई दी।

शहरवासियों को मिलीं कई सौगातें-प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने पोला ग्राउण्ड छिंदवाडा में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के अंतर्गत 280 हितग्राहियों को प्रथम किश्त की राशि एक लाख रूपये प्रति हितग्राही के मान से 2.80 लाख रूपये की राशि उनके खातों में अंतरित की तथा 250 पूर्ण आवासों में हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराया । उन्होंने 2130.98 लाख रूपये लागत के 20 निर्माण कार्यो का भूमि पूजन और 268.81 लाख रूपये लागत के 7 नवनिर्मित निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया । प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने कार्यक्रम में नगरपालिक निगम के 274 लाख रूपये लागत के नगर के विभिन्न स्थानों पर बरसाती नालों के सुदृढीकरण कार्य, म.प्र.ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण के 561.14 लाख रूपये लागत के झंडा से कुदवारी रोड व्हाया गंगई-केवलारी सड़क निर्माण कार्य, 365.62 लाख रूपये लागत के बटकाखापा से चारगांव व्हाया आचरकुंड के सड़क निर्माण कार्य व 13.30 लाख रूपये लागत के मनकूघाटी नीमढाना मुलताई रोड से पनारा (पर्वतघोघरी-गुजरघाट) तक सड़क निर्माण कार्य तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत 49.14 लाख रूपये लागत के प्रत्येक उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन सांरना, मेघासिवनी, उरधन, गाजनडोह, न्यूटन चिखली, जाम, बिजौरी, बातरी, रिछेडा, देवी, रामपेठ, घोघरीखापा व ढोकडोह, 55.50 लाख रूपये लागत के उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन बेलखेडा, 42.38 लाख रूपये लागत के उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन मोही और 187.71 लाख रूपये लागत के प्राथमिक स्वास्थ्य भवन रातामाटी का भूमि पूजन किया । उन्होंने लोक निर्माण विभाग पी.आई.यू.के 206.50 लाख रूपये लागत के ग्राम गौरपानी के सीनियर आदिवासी बालक छात्रावास भवन निर्माण कार्य, 363.09 लाख रूपये लागत के शासकीय महाविद्यालय अमरवाडा में भू-तल पर 6 क्लास रूमों का निर्माण कार्य, 386.40 लाख रूपये लागत के मॉडल स्कूल अमरवाडा में 100 सीटर बालिका छात्रावास भवन का निर्माण कार्य, 175 लाख रूपये लागत के सारना में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन का निर्माण कार्य, 110 लाख रूपये लागत के चौरई के शासकीय कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल में 10 अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कार्य और 38.56 लाख रूपये लागत के शासकीय महाविद्यालय पांढुर्णा के नये भवन के व्दितीय तल पर लायब्रेरी स्टाफ रूम व 3 क्लास रूमों का निर्माण कार्य तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के 268.81 लाख रूपये लागत के ए.एन.एम.प्रशिक्षण छात्रावास भवन सौंसर के निर्माण कार्य का लोकार्पण भी किया ।

प्राकृतिक खेती के प्रदेश स्तरीय पोर्टल का जिले से शुभारंभ-प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने मध्यप्रदेश प्राकृतिक कृषि पध्दति पंजीयन पोर्टल का छिंदवाड़ा जिले से शुभारंभ भी किया, जिसके माध्यम से प्राकृतिक खेती में रूचि रखने वाले कृषक पंजीयन करा सकेंगे तथा शून्य बजट की खेती की इस प्राकृतिक पध्दति के अंतर्गत किसान खेती की लागत कम कर मिट्टी व पर्यावरण का स्वास्थ्य सुधार कर सकेंगे और विषरहित अनाज, फल, सब्जी आदि को अपनाकर अपना स्वास्थ्य बचा सकेंगे ।   

विद्यार्थियों को मूंग वितरण की शुरुआत-प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने कार्यक्रम में मध्यान्ह भोजन योजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण के तहत शहरी क्षेत्रों के प्राथमिक और माध्यमिक शालाओं के विद्यार्थियों को प्रतीकस्वरूप नि:शुल्क मूंग का वितरण भी किया और जिले में मूंग वितरण कार्यक्रम की शुरुआत की । इसके अंतर्गत प्राथमिक स्कूल के विद्यार्थियों को 10 किग्रा और माध्यमिक स्कूल के विद्यार्थियों को 15 किग्रा मूंग का वितरण किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के अंतर्गत हितग्राहियों को लाभ पहुंचाने में छिंदवाडा नगर निगम मध्यप्रेदश में प्रथम स्थान पर है। इस योजना में बी.एल.सी.घटक के लिए 15 हजार 807 हितग्राहियों को चयनित किया जाकर 10 हजार 64 आवास पूर्ण किये जाकर लगभग 292 करोड़ की राशि हितग्राहियों को आंवटित की गई है। इसी प्रकार किफायती आवास ए.एच.पी. योजना में ई.डब्ल्यू.एस.श्रेणी के 1131 आवासों को पूर्ण कर हितग्राहियों को मात्र 2 लाख रूपये में दिये गये है और अन्य 408 किफायती आवास भी बनाये जा रहे है जिनमें से आनंदम टाउनशिप के 228 आवास पूर्ण कर हितग्राहियों को सौंपे जा चुके हैं, शेष 180 आवास शीघ्र ही हितग्राहियों को सौंप दिये जायेंगे। इसी योजना के अन्तर्गत 1200 हितग्राहियों द्वारा स्वयं के आवास निर्माण या विस्तार के लिये बैंक ऋण के ब्याज पर 267 लाख रूपये की सब्सिडी प्राप्त की गई है। इस प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत नगर निगम द्वारा शहर क्षेत्र में लगभग 382 करोड़ रूपये का लाभ जनता को दिया गया है। इसी योजना में आज 280 हितग्राहियों को प्रथम किश्त के रूप में एक लाख रूपये प्रति हितग्राही के हिसाब से 280 करोड़ रूपये दिये जा रहे है और 250 पूर्ण आवासों में हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराया गया है। नगर पालिक निगम छिदवाड़ा में मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना व्दितीय व तृतीय चरण के अंतर्गत 30 करोड़ रूपये की लागत से 17 मुख्य मार्गों का निर्माण किया जा रहा है। ये मुख्य मार्ग शहर को आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों से सीधे जोड़ेंगे और आम जन को आवागमन के लिये सुलभ व्यवस्था सुनिश्चित होगी। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री श्री चौधरी चंद्रभान सिंह, पूर्व विधायक श्री नत्थान शाह कवरेती, पूर्व महापौर श्रीमती कांता सदारंग, जिला आपदा प्रबंधन समिति के सदस्य सर्वश्री रमेश पोफली, शेषराव यादव, कन्हईराम रघुवंशी, धर्मेंद्र मिगलानी, विजय झांझरी, अंकुर शुक्ला व रोहित पोफली सहित अन्य जनप्रतिनिधि और प्रभारी कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायण, पुलिस अधीक्षक श्री विवेक अग्रवाल, एडीएम श्री ओ.पी. सनोडिया, एसडीएम श्री अतुल सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री हिमांशु सिंह, उप संचालक कृषि श्री जितेंद्र सिंह, उप संचालक पशु चिकित्सा डॉ.एच.जी.एस.पक्षवार सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी च कर्मचारी और बड़ी संख्या में शहरवासी, गणमान्य नागरिक और लाभान्वित हितग्राही उपस्थित थे।