कोरोना वायरस : चीन से जबलपुर आया युवक, संक्रमण का खतरा
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, एहतियातन युवक को एन-19 मास्क पहनाया, जांच के लिए जाएंगे नमूने
चीन से जबलपुर आया युवक, संक्रमण का खतरा
जबलपुर . कोरोना वायरस के खतरे के बीच शहर में एक युवक चीन से आया है। युवक चीन के उसी वुहान शहर से आया है जहां के लोग सबसे पहले नोवेल कोरोना वायरस के शिकार हुए। सूत्रों के अनुसार सिविल लाइंस निवासी युवक चीन में रहकर पढ़ाई करता है। वुहान से आए युवक की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। चिकित्सकों की एक टीम ने युवक के स्वास्थ्य की जांच की। एहितायन युवक को एन-१९ मॉस्क पहनाया गया है। युवक के संबंध में जानकारी ली जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम शनिवार को युवक के स्वाब का नमूना लेकर जांच कराएगा। यदि युवक कोरोना वायरस से संक्रमित पाया जाता है, तो उसका उचित उपचार किया जाएगा।
आइसोलेशन वार्ड तैयार
चीन से निकलकर कोरोना वायरस दुनिया के कई हिस्सों में फैल गया है। भोपाल में एक मरीज के कोरोना संदिग्ध मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण को लेकर एहतियात बरतना शुरू कर दिया है। चीन से युवक के शहर पहुंचने की सूचना के बाद विक्टोरिया जिला अस्पताल में कोरोना वायरस को लेकर आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। इसमें समुचित व्यवस्थाओं के साथ ही डॉक्टर और नर्सेस की अलग की तैनाती की गई है। चिकित्सकों को जांच के दौरान श्वसन संक्रमण और इन्फ्लुएंजा के मरीजों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। संदिग्ध मरीजों की तत्काल सूचना देने कहा है।
पांच हजार से ज्यादा मास्क बुलाए
कोरोना वायरस संक्रमण के संभावित खतरे के बीच उसके बचाव के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय की ओर से पांच हजार आठ सौ एन-१९ माक्स मंगाया गया है। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाने में मददगार माने जाने वाले इस मास्क को ओपीडी और आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को गंभीर श्वसन संक्रमण से पीडि़त भर्ती मरीजों, जिन्हें खांसी और बुखार की तकलीफ रही है और रोग का कारण स्पष्ट न रहा हो, की निगरानी बढ़ाने के लिए कहा गया है।
प्रारंभिक जांच में कोई संदिग्ध लक्षण नहीं मिले
जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष कुमार मिश्रा के अनुसार चीन से एक युवक शहर आया है। प्रारंभिक जांच में उसमें कोरोना वायरस से संबंधी कोई संदिग्ध लक्षण नहीं मिले हैं। एहतियातन उसके नमूने की जांच कराने का निर्णय किया है।
कोरोना वायरस के असर के लक्षण
कोरोना वायरस आम तौर पर श्वसन तंत्र की बीमारी के साथ या एक आम सर्दी के समान होता है। इसके प्रारंभिक लक्षणों में नाक बहना, खांसी, गले में खराश, कभी-कभी सिरदर्द और बुखार शामिल है, जो कुछ दिनों तक रह सकता है। कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों के लिए यह संक्रमण खतरनाक है। पीडि़त के खांसने, छींकने से यह संक्रमण फैलता है।



Comments (0)
Facebook Comments