संभागायुक्त श्री चन्द्रशेखर के औचक निरीक्षण से क्या वाकई जिले के डॉक्टरों में सुधार आएगा
By surprise inspection of Divisional Commissioner Mr. Chandrashekhar, will the doctors of the district really improve
संभागायुक्त श्री चन्द्रशेखर के औचक निरीक्षण से क्या वाकई जिले के डॉक्टरों में सुधार आएगा
- जिला हॉस्पिटल में व्यवस्थाओं को और भी बेहतर करने के दिए निर्देश
छिन्दवाड़ा। जबलपुर संभाग के आयुक्त श्री बी.चंद्रशेखर शनिवार को छिंदवाड़ा पहुंचे और जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। संभागायुक्त श्री चन्द्रशेखर द्वारा जिले में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के दृष्टिगत जिला कोविड कंट्रोल और कमांड सेंटर, सीसीटीवी मॉनिटरिंग सर्वर कक्ष, रसोई घर, ट्रायस वार्ड, भर्ती कॉविड मरीजों की केस शीट आदि की सघन मॉनिटरिंग की गई और बनाई गईं नई व्यवस्थाओं व पूर्व व्यवस्थाओं में किये गये सुधार की सराहना की गई। साथ ही उन्होंने और बेहतर व्यवस्थायें करने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोरोना वार्ड में तैनात चिकित्सकों से चर्चा कर उनके द्वारा दी जा रही सेवाओं की पूरी जानकारी प्राप्त की। जिला कोविड कमांड सेंटर द्वारा होम आईसोलेट मरीजों से दिन में दो बार की जा रही वीडियो कॉलिंग व्यवस्था और जिला प्रशासन द्वारा आम जन के लिये उपलब्ध कराये गये 1075 टोल फ्री नंबर पर प्राप्त हो रही शिकायतों व कॉल्स के संबंध में जानकारी प्राप्त की और दूरभाष द्वारा स्वयं जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों से बात कर व्यवस्था की सराहना की। इस दौरान कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन और पुलिस अधीक्षक विवेक अग्रवाल साथ में थे ।
संभागायुक्त श्री चन्द्रशेखर ने कहा कि जिला अस्पताल और छिंदवाडा मेडिकल कॉलेज का पूरा अमला आम जन को स्वास्थ्य सुविधायें उपलब्ध कराने में पूरी कोशिश कर रहा है। हमें सही दिशा में और कोशिश करने की आवश्यकता है जिससे अपेक्षित परिणाम प्राप्त हो सकें। उन्होंने निर्देश दिये कि जिला अस्पताल आने पर मरीज को एंट्री स्थल से ही समुचित मार्गदर्शन दिया जाए जिससे मरीज को समय पर उपचार मिल सके। इसके लिए उन्होंने जिला अस्पताल परिसर में सभी एंट्री गेट से प्रारंभ करते हुए जगह- जगह आवश्यक साईनेज लगाने के निर्देश दिए । संभागायुक्त श्री चन्द्रशेखर ने कलेक्टर श्री सुमन द्वारा कोविड मरीजों के समुचित उपचार के लिये जारी डॉक्टर और नर्सेज के ड्यूटी आदेश का अवलोकन किया । उन्होंने निर्देश दिए कि एक चिकित्सक की ड्यूटी दो अलग-अलग वार्डों, स्थलों पर नहीं लगाई जाए जिससे पूरे समय उनकी मौजूदगी ड्यूटी स्थल पर सुनिश्चित हो सके। नर्सेज को बेडवाइज दायित्व सौंपा जाए । प्रत्येक डॉक्टर्स से प्रतिदिन ड्यूटी समरी प्राप्त की जा रही है, इसमें क्या सेवाएं दीं, कितने मरीजों को देखा, क्या उपचार दिया, वार्ड के कितने राउंड लगाए आदि सभी जानकारियां भी शामिल करायें। उन्होंने आई.सी.यू. व एच.डी.यू. में भर्ती सभी मरीजों की केस शीट का अवलोकन भी किया और निर्देश दिये कि इसमें पूरे उपचार की जानकारी का स्पष्ट उल्लेख हो और संबंधित डॉक्टर्स, नर्सेज के हस्ताक्षर भी लिये जायें।
संभागायुक्त श्री चन्द्रशेखर ने जिला अस्पताल में सस्पेक्टेड मरीजों के लिये बनाये गये ट्रामा यूनिट ट्रायस आइसोलेशन वार्ड का निरीक्षण किया और मरीजों की तत्काल पूरी स्क्रीनिंग कर उपचार प्रारंभ करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने डीन डॉ. रामटेके और सिविल सर्जन से जिला अस्पताल में कोविड उपचार के लिए उपलब्ध दवाईयों की जानकारी प्राप्त की और कहा कि जिला अस्पताल के लिए किसी भी तरह की आवश्यकता होने पर उसकी जानकारी से तत्काल अवगत कराएं जिससे उसकी उपलब्धता सुनिश्चित कराई जा सके। उनके द्वारा ए.जी.वी.ए. वेंटिलेटर तत्काल एक्टिवेट कर आवश्यकतानुरूप उपयोग में लाने के निर्देश भी दिए गए। संभागायुक्त श्री चंद्रशेखर द्वारा जिला अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था और सभी वार्डों की निगरानी के लिये बनाये गये सी.सी.टी.व्ही. मॉनीटरिंग कक्ष का भ्रमण कर सभी वॉर्डो की मॉनीटरिंग व्यवस्था को देखा गया । इस दौरान उन्होंने सी.सी.टी.व्ही. द्वारा डॉक्टरों की उपस्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सर्वर रूम से सी.सी.टी.वी. द्वारा और बेहतर ढंग से मॉनिटरिंग की जा सके इसके लिए डॉक्टर्स, नर्सेज और वार्ड बॉय की पी.पी.ई. किट में अलग-अलग रंग के स्टीकर लगाए जा सकते हैं। उन्होंने कोविड कमांड सेंटर में आने वाली शिकायतों का वर्तमान में किस तरह निराकरण किया जा रहा, कितनी शिकायतें प्राप्त हो रहीं हैं आदि की जानकारी प्राप्त की और सभी शिकायतों का समुचित निराकरण करने, पंजी संधारित करने व आने वाले सभी कॉल पर और बेहतर रिस्पॉन्स व मार्गदर्शन देने के लिये प्रोत्साहित किया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिये कि होम आइसोलेटेड सभी मरीजों को मेडिसिन किट उपलब्ध कराई गई है, समय–समय पर उनसे और दवाईयों की आवश्यकता के संबंध में अपडेट लेते रहें। उन्होंने रसोई घर का निरीक्षण कर भोजन व्यवस्था और उसकी गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया तथा गुणवत्ता बनाये रखने के निर्देश दिये। निरीक्षण के बाद संभागायुक्त श्री चंद्रशेखर द्वारा अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में कोरोना संक्रमण की स्थिति और प्रबंधन की समीक्षा भी की गई । इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र सिंह नागेश, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती रानी बाटड, एस.डी.एम.अतुल सिंह, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ.गिरीश बी.रामटेके, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.जी.सी.चौरसिया, सिविल सर्जन डॉ.श्रीमती पी.गोगिया, जिला महामारी नियंत्रण अधिकारी डॉ.सुशील राठी, जिला कोविड कमांड सेंटर के नोडल अधिकारी संजय दुबे व आर.एस.उईके और तहसीलदार अजय भूषण शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी, डॉक्टर्स व जिला चिकित्सालय का स्टाफ उपस्थित था।


Comments (0)
Facebook Comments