कांग्रेस को बड़ा झटका, सौसर विधानसभा के पूर्व विधायक अजय चौरे भाजपा में शामिल
Big shock to Congress: Former MLA from Sausar Assembly Ajay Chaure joins BJP
कांग्रेस को बड़ा झटका, सौसर विधानसभा के पूर्व विधायक अजय चौरे भाजपा में शामिल
जानकारी के अनुसार पिछले विधानसभा चुनाव में अजय चौरे को दावेदारी के बाद भी कांग्रेस का टिकट नहीं मिला।
छिंदवाड़ा। भोपाल में शुक्रवार को पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता अजय चौरे ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में चौरे ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
सौसर क्षेत्र में चौरे परिवार का बड़ा राजनीतिक इतिहास रहा है। उनके भाई विजय चौरे वर्तमान में कांग्रेस से विधायक हैं। अजय चौरे पूर्व में विधायक रह चुके हैं जबकि दोनों भाइयों के पिता स्वर्गीय रेवा नाथ चौरे विधायक और मंत्री रह चुके हैं। उनकी माता भी कांग्रेस से विधायक रह चुकी हैं।
पिछले विधानसभा चुनाव में अजय चौरे कांग्रेस से टिकट के लिए बड़े दावेदार रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें पार्टी ने टिकट नहीं दिया, बताया जा रहा है कि वे तब से ही नाराज चल रहे थे। शनिवार से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और सांसद नकुल नाथ 6 दिन के दौरे पर छिंदवाड़ा आ रहे हैं, ऐसे में उनके आगमन के 1 दिन पहले हुआ यह राजनीतिक घटनाक्रम कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
हाल ही में भाजपा जिला अध्यक्ष विवेक बंटी साहू ने भी भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की थी, बीते कई दिनों से अजय चौरे के भाजपा में शामिल होने की अटकलें चल रही थी।


Comments (0)
Facebook Comments