मप्र उपचुनाव 2020 : 28 सीटों पर मतदान जारी, वोटरों में जबरदस्त उत्साह देखा गया
MP by-election 2020: voting continues on 28 seats, overwhelming enthusiasm among voters
मप्र उपचुनाव 2020 : 28 सीटों पर मतदान जारी, वोटरों में जबरदस्त उत्साह देखा गया
भोपाल। मध्य प्रदेश के 28 विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए मंगलवार याने आज मतदान हो रहा है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच 63 लाख 68 हजार से ज्यादा मतदाता मध्यप्रदेश के उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करने वाले है। सुबह से ही मतदान केद्रों पर मतदाता पहुंचने लगे थे।
प्रशासन ने किये सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
कोरोना महामारी के बीच हो रहे चुनाव के चलते तमाम मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। सोशल डिस्टेंसिंग, सैनिटाइजर, थर्मल स्क्रीनिंग मशीन, मास्क आदि की व्यवस्था की गई है। वहीं मतदाता अगर एक साथ ज्यादा संख्या में मतदान केंद्रों पर आते है तो उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो इसके भी चुनाव आयोग ने पुख्ता इंतजाम किए है।
मतदाताओं में देखने को मिल रहा उत्साह
उपचुनाव में मतदान करने को लेकर कई इलाकों में मतदाताओं में उत्साह नजर आ रहा है, यही कारण है कि मतदान शुरू होने से पहले ही कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।
कुल 9361 मतदान केंद्र
मतदान शुरू होने से पहले उम्मीदवारों के पोलिंग एजेंटों की उपस्थिति में मॉकपोल कराया गया और उसके बाद मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। जिन विधानसभा क्षेत्रों में मतदान हो रहा है वहां कुल नौ हजार 361 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। मतदान के लिए 13 हजार 115 बैलेट यूनिट, 13 हजार 115 कंट्रोल यूनिट एवं 14 हजार 50 वीवीपैट जिलों में उपलब्ध कराई गई हैं।
अर्धसैनिक बलों की 48 कंपनियां तैनात
उपचुनाव के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। अर्धसैनिक बलों की 48 कंपनियां तैनात की गई है। इसके अलावा एसएएफ की 30 कंपनियों को अतिरिक्त सुरक्षा के लिए लगाया गया है। राज्य में सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया, जो शाम छह बजे तक चलेगा।


Comments (0)
Facebook Comments