नगर निगम छिंदवाड़ा बना जबलपुर संभाग का प्रथम स्वच्छतम निकाय
Jabalpur division becomes first cleanest body of Municipal Corporation Chhindwara
नगर निगम छिंदवाड़ा बना जबलपुर संभाग का प्रथम स्वच्छतम निकाय
- स्वच्छता के सभी घटकों में मध्यप्रदेश को नं-1 बनाएंगे
- परिवेश को स्वच्छ रखना हर नागरिक का कर्तव्य
- मुख्यमंत्री श्री चौहान ने स्वच्छता सेवा सम्मान वितरित किए
छिन्दवाड़ा। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और विभागीय मंत्री की उपस्थिति में शनिवार को मिन्टो हॉल भोपाल में स्वच्छ सर्वेक्षण-20 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगरीय निकायों को पुरस्कृत करने के लिये स्वच्छता सेवा सम्मान समारोह संपन्न हुआ । इसमें नगर निगम छिंदवाड़ा को जबलपुर संभाग के प्रथम स्वच्छतम निकाय होने का पुरस्कार मिला है। मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा यह सम्मान तत्कालीन महापौर श्रीमती कांता सदारंग और तत्कालीन नगर निगम आयुक्त डॉ. इच्छित गढ़पाले (वर्तमान में सागर जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी) को प्रदाय किया गया । मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश की जनता को संबोधित भी किया । इस कार्यक्रम का प्रसारण दूरदर्शन एवं वेबकास्ट के माध्यम से जिले भर में किया गया । जिला स्तर पर नगर निगम छिन्दवाड़ा द्वारा इस कार्यक्रम के सीधे प्रसारण को देखने और सुनने की व्यवस्था नागपुर रोड छिन्दवाड़ा स्थित एफ.डी.डी.आई. के सभाकक्ष में की गई थी। सभाकक्ष में कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन व एस.डी.एम. अतुल सिंह के साथ ही भाजपा जिला अध्यक्ष विवेक साहू, धर्मेन्द्र मिगलानी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, नगर निगम छिंदवाड़ा के सफाईकर्मी और अन्य पूरा अमला एवं शहरवासी उपस्थित थे।
गौरतलब है कि छिंदवाड़ा शहर विगत 3 वर्षों से स्वच्छ भारत मिशन में लगातार भाग ले रहा है। इसमें छिंदवाड़ा शहर ओ.डी.एफ. डबल प्लस घोषित हो चुका है। एक से 10 लाख जनसंख्या वाले शहर में छिंदवाड़ा का 2018 में 42वां स्थान और 2019 में पूरे भारत में 16वां स्थान है एवं मध्यप्रदेश में छिंदवाड़ा को पांचवां स्थान प्राप्त हुआ है। इस अभियान के अंतर्गत छिन्दवाड़ा शहर में 16 हजार 552 व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण किया गया है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि स्वच्छता के क्षेत्र में मध्यप्रदेश गत कई वर्षों से देश में कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। स्वच्छता सर्वेक्षण में हमारा इंदौर शहर गत 04 वर्षों से लगातार भारत का स्वच्छतम शहर चुना जा रहा है। इसके साथ ही हमारे अन्य नगरीय निकाय भी स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी बन रहे हैं। हम सब मिलकर संकल्प लेते हैं कि हम मध्यप्रदेश को स्वच्छता के सभी घटकों में नं-1 बनाएंगे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि 'स्वच्छता के क्षेत्र में मध्यप्रदेश की उपलब्धियों के लिए मैं मुख्य रूप से सभी सफाई कर्मियों को बधाई देता हूँ तथा उनका अभिनंदन करता हूँ।' परिवेश को स्वच्छ रखना हर नागरिक का कर्तव्य है। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज स्थानीय मिंटो हॉल में स्वच्छता सेवा सम्मान-2020 वितरित कर रहे थे। उन्होंने स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 में विभिन्न क्षेत्रों में अव्वल आने वाले प्रदेश के इंदौर, भोपाल, उज्जैन, सागर, जबलपुर सहित कई नगरीय निकायों को सम्मानित किया।
मैं भी सफाईकर्मी हूँ
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि हमें हर क्षेत्र में प्रदेश को स्वच्छ बनाना है। स्वच्छ परिवेश, मिलावटहीन स्वच्छ खाद्य सामग्री, गुंडों एवं बदमाशों से रहित स्वच्छ प्रदेश। मैं मध्यप्रदेश से मिलावटखोरी, अपराधों आदि की गंदगी को मिटा दूंगा। मैं भी एक सफाईकर्मी हूँ।


Comments (0)
Facebook Comments