भाजपा सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए भागीरथी प्रयास
Sisters of BJP Mahila Morcha tied rakhis to Chief Minister and State President in Rakhi Sang Pati program
भाजपा सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए भागीरथी प्रयास
- भाजपा महिला मोर्चा की बहनों ने राखी संग पाती कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष को बांधी राखियां
भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने बहनों और बेटियों को आत्मनिर्भर व सशक्त बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की हैं। लाड़ली लक्ष्मी योजना से लाभांवित प्रदेश की 46 लाख बेटियां आज कॉलेजों में पहुंच गई हैं। उनकी पढ़ाई-लिखाई का पूरा खर्चा प्रदेश सरकार उठा रही है। भाजपा सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भागीरथी प्रयास किए है। लाड़ली बहना योजना के माध्यम से प्रदेश की 1.25 करोड़ बहनों के खातों में 1000 रूपए प्रति महीने भेजे जा रहे हैं। कल ही बहनों के खाते में 250 रूपए अग्रिम राशि के रूप में भेजे गए हैं। यह योजना दुनिया की सबसे बड़ी योजना है, जिसके माध्यम से प्रदेश की बहनें आत्मनिर्भर और सशक्त बनेंगी। रक्षाबंधन का त्यौहार होने के बाद भी प्रदेश भर के कोने-कोने से आकर हमारा मान बढ़ाया है, इसके लिए बहनों का ह्दय से आभार। यह बात प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान एवं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में भाजपा महिला मोर्चा के राखी संग पाती कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान प्रदेश भर के मंडलों से आईं महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष को स्वनिर्मित राखियां बांधी और भाइयों की लंबी आयु की कामना की। साथ ही लाड़ली बहना योजना, महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष ने बहनों द्वारा बनाई गईं राखियां देखी एवं उनकी पातियों का पाठन किया। वहीं महिला मोर्चा की बहनों को उपहार भेंटकर बहनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को प्रदेश महामंत्री व राज्यसभा सांसद सुश्री कविता पाटीदार, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती माया नारोलिया, मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती नंदिता पाठक ने भी संबोधित किया।
आपके स्नेह और प्यार ने भाव-विभोर कर दिया - शिवराजसिंह चौहान
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मेरी सभी लाड़ली बहनों के अपार प्यार और स्नेह ने भाव-विभोर कर दिया है। प्रदेश भर से बहनें मुझे राखियां बांधने आई हैं। यह राखियां किसी दुकान से नहीं खरीदी गईं, बल्कि बहनों ने स्वयं बनाई है। यह आपका स्नेह और प्यार ही है, जो मुझे और बेहतर काम करने का संबल प्रदान करता है। श्री चौहान ने कहा कि आज जमाना बदल रहा है, बेटियां आत्मनिर्भर हो रही हैं। जब मैं मुख्यमंत्री नहीं था तो हमेशा सोचता था कि बेटियों को कोख में ही मार दिया जाता है, यह सोचकर रूह कांप जाती थी। तभी मैंने सोचा कि बेटियों के लिए कुछ अलग करना चाहिए। इसलिए मुख्यमंत्री बनते ही लाड़ली लक्ष्मी योजना शुरू की। इस योजना से लाभांवित 46 लाख बेटियां आज कॉलेज में पहुंच गई हैं, जिनकी पढ़ाई का खर्चा सरकार उठा रही है। आज लाड़ली बहना योजना के माध्यम से बहनों को सशक्त बनाया जा रहा है। मैंने बहनों से किया हर वादा निभाया है। आज बहनों ने अपने ह्दय की पूरी ममता उड़ेल दी है, इससे बड़ा प्यार और आशीर्वाद और क्या हो सकता है।
प्रत्येक लाडली बहना को छल, झूठ की राजनीति करने वालों को जवाब देना है - विष्णुदत्त शर्मा
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है, जहाँ परिवारभाव के रूप में हमारे सभी कार्यकर्ता संगठन की नीतियों के साथ जनसेवा और राष्ट्र के उत्थान में कार्य करते हैं। यही वो संगठन है जहां मातृशक्ति के सशक्तिकरण के लिए नीतियां बनाई जाती है। भारतीय जनता पार्टी दुनिया के अंदर दूसरे दलों से अलग है। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान कहते हैं कि मैं सरकार नहीं एक परिवार के मुखिया के नाते और परिवार की भांति प्रदेश को चलाता हूं। आज भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने जो काम किया है उसे प्रत्येक बहनों को आमजन के बीच पहुंचकर अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में महिला हितैषी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक महिलाओं को दिलाने के लिए महिला मोर्चा की प्रत्येक कार्यकर्ता प्रतिबद्ध् है। महिला मोर्चा की सभी बहनों से आह्वान करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रत्येक बूथ पर 51 प्रतिशत वोट शेयर हासिल करने के संकल्प के साथ जुटें। पूर्ण विश्वास है कि आपके परिश्रम से मध्यप्रदेश में भाजपा विजय का नया इतिहास रचेगी।
श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने महिलाओं को सशक्त बनाया है। प्रदेश में छल और झूठ की राजनीति करने वाले गली गली घूम रहे है। हर बहन को आने वाले चुनाव में प्रत्येक घर में सजग प्रहरी बनकर उनको जवाब देना है। उन्होंने कहा कि प्रसन्नता की बात है कि आज राखी संग पाती कार्यक्रम में प्रदेश के कोने-कोने से हमारी बहनें मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को राखी बांधने आई है। इस अभिनव कार्यक्रम के लिए भाजपा महिला मोर्चा की पूरी टीम को हार्दिक बधाई देता हूं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह, महापौर श्रीमती मालती राय, मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती माया नरोलिया, पार्टी की प्रदेश मंत्री श्रीमती लता गुड्डू वानखेड़े, प्रदेश प्रवक्ता सुश्री नेहा बग्गा, मोर्चा की प्रदेश महामंत्री श्रीमती अश्विनी परांजपे, श्रीमती माया पटेल सहित मोर्चा की पदाधिकारी व बहनें मौजूद थीं।


Comments (0)
Facebook Comments